
कोरिया : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में मिलेट्स फ़ूड को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने अनोखी पहल की शुरूआत की है। कलेक्टर विनय लंगेह ने कलेक्टर जनदर्शन में आने वाले लोगों को मिलेट्स कैफे में खाना खाने पर 10 परसेंट की छूट दी है।
दरअसल, मिलेट्स फ़ूड को बढ़ावा देने के लिए कोरिया जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। कलेक्टर जनदर्शन के टोकन और पावती दिखाने पर लोगों को मिलेट्स कैफे में 10 फीसदी की छूट मिलेगी। बीते माह से बैकुंठपुर शहर में सुंदर सुव्यवस्थित जगह पर मिलेट्स कैफे खोला गया है। कोरिया कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के अथक प्रयासों से बने राज्य स्तर के मानक पर राज्य का तीसरा कोरिया मिलेट्स कैफे का शुभारंभ डॉ. चरणदास महंत ने किया था।
महिला समूह को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
वर्ष 2023 को अंतराष्ट्रीय मिलेट्स क्रॉप वर्ष घोषित किया गया है। मिलेट्स कैफे में देसी कृषि उत्पाद रागी, कोदो जैसे मोटे अनाज से पास्ता, चीला, इडली, डोसा, नूडल, पकौड़े आदि दर्जनों लजीज पकावन बने थे, जिसका लुत्फ मुख्य अतिथि सहित सभी ने उठाया। कोरिया मिलेट्स कैफे की खास बात यह है कि, राज्य में खरीदे जा रहे मोटे अनाज ज्वार, बाजरा, कोदो, कुटकी, रागी, सावा, कुटकी, कुट्टी, से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन को बढ़ावा देने के साथ ही महिला समूह को स्वरोजगार उपलब्ध करवाते हुए उद्यम से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई है।