
रायपुर- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटे कोरोना वायरस के 34,956 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन संक्रमित होने वाले लोगों की सबसे अधिक संख्या है। इस दौरान 687 लोगों की इस खतरनाक वायरस से मौत हुई है।इस तरह देश में कोविड-19 से 10,03,832 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, देश में कोरोना के 3,42,473 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा 6,35,757 मरीजों को अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। भारत में कोविड-19 से अब तक 25,602 लोगों की मौत हुई है।
अब तक 1,30,72,718 नमूनों की जांच की गई: आईसीएमआर
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कहा है कि 16 जुलाई तक भारत में कोविड-19 के 1,30,72,718 नमूनों की जांच की गई है। इसमें से 3,33,228 नमूनों की जांच कल की गई।
अमेरिका के बाद भारत में सबसे ज्यादा कोरोना जांच: व्हाइट हाउस
कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए सर्वाधिक 4.2 करोड़ नमूनों की जांच अमेरिका ने की है, इसके बाद सर्वाधिक 1.2 करोड़ नमूनों की जांच भारत में हुई है। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कायले मैकनेनी ने बताया कि कोरोना वायरस की जांच के संबंध में, हमने 4.2 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की है। इसके बाद सर्वाधिक 1.2 करोड़ नमूनों की जांच भारत में हुई है। जांच के मामले में हम पूरे विश्व में सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड जांच करने का ट्रंप प्रशासन का कदम पूर्ववर्ती प्रशासन द्वारा उठाए कदमों के ठीक विपरीत है।
कोरोना वायरस टीके के संबंध में अच्छी खबर
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कायले मैकनेनी ने बताया कि कोरोना वायरस टीके के संबंध में अच्छी खबर मिल रही है। उन्होंने बताया कि मॉडर्ना द्वारा जिस टीके का परीक्षण किया जा रहा है उसके शोध में शामिल 45 लोगों पर अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। जुलाई के अंत तक इस टीके का तीसरे चरण का परीक्षण होने की उम्मीद है जिसमें 30,000 लोगों को शामिल किया जाएगा। मैकनेनी ने बताया कि कोविड-19 की उपचार पद्धति के संबंध में भी उत्साहजनक जानकारी मिली है।