Cyclone Mocha : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मोचा (Cyclone Mocha) को लेकर नया अपडेट दिया है। मौसम विभाग ने कहा है कि 6 मई के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवात बनने और इसके परिणामस्वरूप अगले 48 घंटों में कम वायु दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। 2023 के पहले चक्रवाती तूफान के मई महीने में आने की आशंका जताई गई है।
चक्रवात को लेकर भारतीय मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर चक्रवात से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों से किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा।
भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि 6 मई को बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बन सकता है। इस मामले में IMD महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि कुछ प्रणालियों ने इसके एक चक्रवात होने का पूर्वानुमान जताया है। हम नजर रख रहे हैं। नियमित रूप से अपडेट उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि कुछ राज्यों में अभी भी बारिश के आासार बने हुए हैं।
क्यों रखा है नाम मोचा
अगर आधिकारिक तौर पर पुष्टि की जाती है तो विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और एशिया और प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक आयोग (ESCAP) के सदस्य देशों की ओर से अपनाई जाने वाली नामकरण प्रणाली के तहत चक्रवात का नाम ‘मोचा’ (Mocha) होगा। यमन ने लाल सागर तट पर एक बंदरगाह शहर ‘मोचा’ के नाम पर इस चक्रवात के नाम का सुझाव दिया था।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें