मुंबई आते ही सिद्धिविनायक के दर्शन करने पहुंचीं कंगना, बोलीं- ‘यहां रहने के लिए सिर्फ बप्पा की अनुमति चाहिए’

लंबे समय के बाद मुंबई आने पर कंगना रणौत ने मुंबा देवी और श्री सिद्धिविनायक मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने सोशल मीडिया से इस बात की जानकारी दी। कंगना अपनी बहन रंगोली, भाई और भाभी के साथ यहां दर्शन करने के लिए पहुंची। कंगना ने कहा कि दोनों मंदिर में दर्शन करने के बाद मैंने उनका आशीर्वाद लिया। मैं यहां आकर सुरक्षित और प्यारा महसूस करती हूं। कंगना ने आगे कहा कि जय हिंद जय महाराष्ट्र।

अपने परिवार वालों के साथ दर्शन करने आईं कंगना रणौत ने यहां पर मीडिया से बात की और कहा कि मैंने यहां (मुंबई) आने के लिए सिर्फ और सिर्फ गणपति बप्पा से अनुमित मांगी है और मुझे किसी से अनुमति नहीं मांगी है। बता दें कि कुछ दिन पहले कंगना अपने परिवार के साथ हिमाचल के पहाड़ों में छुट्टियां मना रही थीं।
हाल ही में कंगना रणौत मुंबई पहुंची थीं। मुंबई पहुंची कंगना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था जिसमें वो हाई सिक्योरिटी के बीच एयरपोर्ट से निकल रही थीं। कंगना रणौत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं ऐसे में वो अक्सर कई विवादित बयान भी देती रहती हैं। जिसकी वजह से अक्सर वो लोगों की ट्रोलिंग का शिकार बनती हैं। वहीं महाराष्ट्र सरकार के साथ चल रही झड़प के बाद कंगना को केंद्र सरकार की तरफ से सिक्योरिटी दी गई थी। जो अब भी उनके साथ है।
दरअसल सोशल मीडिया पर सेलिब्रिटी फोटोग्राफर वीरल भायानी ने एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में कंगना अपनी बहन रंगोली के साथ मुंबई पहुंची थीं और चारों तरफ सिक्योरिटी नजर आ रही थी। कंगना एयरपोर्ट से निकलकर अपनी गाड़ी की ओर जा रही थीं। कंगना का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
बता दें कि कंगना रणौत को ये सिक्योरिटी उस समय मुहैया करवाई गई थी जब उनकी महाराष्ट्र सरकार के साथ झड़प रही थी। लॉकडाउन के बाद कंगना जब मुंबई वापस पहुंची थीं उसी समय उन्हें वाय प्लस (Y+) सिक्योरिटी दी गई थी। कंगना की झड़प महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय राउत के साथ हुई थी। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे के ऊपर काफी अभद्र टिप्पणियां भी की थीं।