जगदलपुर – छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शादी समारोह से लौट रहा बरातियों से लदा वाहन पेड़ से टकरा गया। बता दें कि जगदलपुर के केशलूर के आगे कोएपाल के पास बीती रात एक पेड़ से टकरा गया। इस घटना में जहां दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। छह से ज्यादा बराती हादसे में घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज जगदलपुर में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दरभा थाना क्षेत्र के पखनार चंद्रगिरी निवासी ग्रामीण एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए देउरगांव गए हुए थे। रात करीब 2:30 बजे मैक्स वाहन में सवार होकर सभी बराती वापस लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन से चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और वह पेड़ से टकरा गया।
घटना में केलाउर थाना दरभा निवासी विनोद कश्यप पुत्र रामसाय कश्यप (17) व चंद्रगिरि का तुलसी नाग (22) पुत्र रामा नाग की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही कामानार चौकी और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल बरातियों को मेकाज पहुंचाया गया।
घायलों में संतूराम, घनश्याम, रितेश, लूदरु, सुखमन, लोकेश समेत अन्य का मेकाज में उपचार चल रहा है। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शवों का पीएम उपरांत स्वजनों के सुपुर्द किया। घटना से ग्राम कोएपाल में शादी की खुशी गम में बदल गई और तीन परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। तीन शवों का सोमवार दोपहर को गांव के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।