
रायपुर MyNews36- कोरोना से बचने के उपायों को लेकर जद्दोजहद जारी है। भारत में कई स्तर पर प्रयोग हो रहे हैं। इसी तारतम्य में रायपुर के श्री शंकराचार्य इंस्टिट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के छात्र मनोज कुमार देवांगन ने कोविड-19 ट्रैकर सॉफ्टवेयर बनाया है।यह बताता है कि किन-किन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण का खतरा ज्यादा है, ताकि लोग वहां जाने से पहले सतर्क हो जाएं। इस सॉफ्टवेयर में भारत के तमाम क्षेत्रों के कोरोना संक्रमितों की संख्या की लाइव अपडेट जानकारी मिलेगी।
रेड जोन की मिलेगी जानकारी
मनोज का कहना है कि इस सॉफ्टवेयर को बनाने में उन्हें 15 दिन लगे। इसमें केवल भारत के ही कोरोना से संबंधित मामलों की जानकारी मिलेगी। कौन-कौन जिले रेड जोन में हैं, उसकी भी जानकारी मिलेगी। इसमें प्रमुख रूप से चार चीजों की जानकारी दी गई है। किस जिले में कितने कंफर्म मरीज हैं, एक्टिव, स्वस्थ और कोरोना से मरने वालों की संख्या की जानकारी जिले के हिसाब से मिलेगी। 20 दिन पहले किस क्षेत्र में कितने मरीज स्वस्थ्य हुए या संक्रमित हुए, इसकी जानकारी चार्ट की सहायता मिलेगी। इसमें वाट्सएप शेयर करने का भी ऑप्शन है।
ओपन सोर्स वेबसाइट से लिंक
इस सॉफ्टवेयर को फ्रंटिंग टूल एंगुलर की सहायता से तैयार किया गया है। ओपन सोर्स वेबसाइट से इसे लिंक किया गया है, जिसके माध्यम से कोरोना से संबंधित तमाम आंकड़े अपने आप अपडेट हो जाते हैं।