राहुल गाँधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने किया प्रस्ताव पारित

रायपुर- राहुल गाँधी को पुन: कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष (बनाने की मांग जोर पकड़ती दिख रही है।इस बार यह आवाज छत्तीसगढ़ से उठी है।शनिवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस कार्यकारिणी व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक में सर्वसम्मति से राहुल गांधी को पुन: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैठक में यह प्रस्ताव रखा जिसका समर्थन छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी पी.एल पुनिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने किया।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता विकास तिवारी ने कहा कि समस्त कांग्रेसजन राहुल गांधी के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।राहुल गांधी के नेतृत्व में ही कांग्रेस सांगठनिक तौर पर निरंतर मजबूती प्राप्त करेगी।राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विश्वास जगा है, उनका मार्गदर्शन और नेतृत्व कांग्रेस की नींव को और अधिक मजबूत करेगी।
बता दें कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस की हुई करारी हार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।पिछले कुछ समय से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और राज्यों के पार्टी संगठन राहुल गांधी को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने की आवाज उठाते रहे हैं।